शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने विजयदशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा का दिखावा करती हैं, लेकिन उनके राजनीतिक आचरण से राष्ट्रविरोधी ताकतों को प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा कि हाथों में संविधान की प्रति और तिरंगा लेकर घूमने वाले विपक्षी नेताओं को अपने राजनीतिक आचरण पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई और घुसपैठ रोकने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की स्थिति लगातार कमजोर हुई है और भारत की मजबूत नीतियों के कारण आतंकवाद तथा सीमा पार से संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।

उन्होंने कहा कि एक समय देश के विभिन्न शहरों में आतंकवादी घटनाएं होती थीं। रेलगाड़ियों से लेकर हैदराबाद, कानपुर और अन्य शहरों तक आतंकवाद का भय बना रहता था। लेकिन आज भारत आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक नीति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर भी वोट बैंक की राजनीति करने से पीछे नहीं हटते।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और पारदर्शी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूचियों में ऐसे नाम सामने आए हैं जिनके पते अथवा वास्तविक निवास का सत्यापन नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि फर्जी और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया का विरोध करने के बजाय विपक्ष को निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था का समर्थन करना चाहिए।

श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती राजनीतिक ताकत से परेशानी है। उन्होंने कहा कि जब भी भाजपा मजबूत होती है, विपक्षी दल अपने राजनीतिक मतभेद भुलाकर एकजुट हो जाते हैं। दिल्ली सहित अनेक राजनीतिक घटनाक्रम इसका उदाहरण हैं।

उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नशा माफिया और अवैध गतिविधियों पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि नशे और माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है तथा भाजपा इस विषय पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि विपक्ष पहले चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहा, लेकिन अब उसकी राजनीतिक बयानबाजी सत्ता परिवर्तन और व्यवस्था परिवर्तन जैसे मुद्दों की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे विपक्ष की वास्तविक राजनीतिक मंशा जनता के सामने उजागर हो रही है।

अंत में उन्होंने विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। भारत की एकता, अखंडता, सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती सर्वोपरि है।

Leave a Reply