शिमला, 15 अक्टूबर 2026।** भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश के सभी सांसद, विधायक तथा प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री नरेंद्र भाई मोदी जी के शासकीय सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर **“25 वर्ष सेवा, सुशासन और समर्पण के — राष्ट्र प्रथम से विकसित भारत तक”** शीर्षक से एक विस्तृत राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस प्रस्ताव के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के शासकीय नेतृत्व, सेवा, समर्पण, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रहित और विकसित भारत के संकल्प का अभिनंदन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।
बैठक के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रारंभ हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासकीय यात्रा ने 7 अक्टूबर 2026 को 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री तथा 12 वर्ष से अधिक समय देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए देश की सेवा की है। उनका जीवन मंत्र रहा है कि देश पहले, व्यक्ति बाद में; राष्ट्र पहले, पार्टी बाद में। डॉ. बिंदल ने कहा कि इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता को सेवा, पद को दायित्व, नीति को परिणाम और जनशक्ति को राष्ट्रशक्ति में परिवर्तित करने का कार्य किया है। भाजपा हिमाचल प्रदेश ने इस ऐतिहासिक यात्रा का अभिनंदन करते हुए उनके नेतृत्व में भारत द्वारा अर्जित उपलब्धियों और हिमाचल प्रदेश को मिले विशेष स्नेह एवं विकास की सौगातों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने की भावना पर आधारित रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के आकलन के अनुसार वर्ष 2013-14 से 2022-23 के बीच देश में लगभग 24.82 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए। यह आंकड़ा अंत्योदय और गरीब कल्याण की दिशा में हुए व्यापक परिवर्तन को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं का व्यापक लाभ पहुंचा है। पारित प्रस्ताव में उल्लिखित केंद्रीय आंकड़ों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जुलाई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के लिए 1,08,389 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जिनमें से 1,02,682 आवास स्वीकृत हुए तथा 69,018 आवास पूर्ण किए गए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत 12,758 आवास स्वीकृत हुए और 11,128 आवास पूर्ण किए गए। उन्होंने कहा कि इन दोनों योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 80 हजार से अधिक आवास पूर्ण हुए हैं, जबकि स्वीकृत आवासों की संख्या एक लाख से अधिक है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि उसके आत्मसम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर जैसा प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान प्रदान करके प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। लगभग 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित एम्स बिलासपुर में 750 बिस्तरों, 64 आईसीयू बिस्तरों, 18 स्पेशियलिटी, 17 सुपर स्पेशियलिटी विभागों तथा 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अतिरिक्त प्रतिवर्ष 100 एमबीबीएस और 60 नर्सिंग विद्यार्थियों की क्षमता भी निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि जिस हिमाचल के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता था, उसी प्रदेश में एम्स जैसी संस्था स्थापित होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना भी गरीब कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
