आठ दिवसीय उत्सव में संस्कृति, कारोबार, खान-पान और ग्रामीण खेलों का होगा संगम

सोलन। Dynamic इंडिया युवा मंडल सोलन द्वारा आयोजित 22वां हिमाचल उत्सव 4 से 11 अक्टूबर तक सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। आठ दिवसीय इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शॉपिंग मेला, फूड फेस्टिवल और ग्रामीण खेलों सहित विभिन्न आकर्षण लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े गैर-सरकारी मेलों में पहचान बना चुके हिमाचल उत्सव में देशभर से आए ग्रामीण दस्तकारों और कुटीर उद्योगों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। वहीं, ग्रामीण खेलों में कबड्डी और ठोडा प्रमुख आकर्षण रहेंगे। डायनामिक इंडिया युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूत, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा एडवोकेट एवं संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल ने बताया कि  उत्सव के उद्घाटन समारोह में 4 अक्टूबर को राज्यसभा सांसद श्री अनुराग शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री नरदेव कंवर तथा गोयल मोटर्स के सीईओ एवं लाइव टाइम्स टीवी के चेयरमैन श्री सहज गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

विश्वविद्यालयों के बीच होगी सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा

हिमाचल उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या विशेष रूप से युवाओं को समर्पित होगी। इसमें सोलन जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के बीच सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। एलआर इंस्टीट्यूट, शूलिनी यूनिवर्सिटी, सिल्प, ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज, सोलन होम्योपैथिक कॉलेज, बाहरा यूनिवर्सिटी सहित करीब आधा दर्जन संस्थान अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक संध्या में जी टीवी के सारेगामापा से पहचान बनाने वाले गायक राजीव थापा मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा हिमाचल के लोकप्रिय गायक ज्योति बिष्ट और नरेंद्र नीतू भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

22 वर्षों की निरंतर यात्रा

डायनामिक इंडिया युवा मंडल पिछले 22 वर्षों से सोलन में हिमाचल उत्सव का आयोजन कर रहा है। संस्था की सामाजिक एवं युवा गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। वर्ष 2010 में नेहरू युवा केंद्र द्वारा डायनामिक इंडिया युवा मंडल को सर्वश्रेष्ठ युवा मंडल के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

युवा मंडल के संस्थापकों सहित अन्य सदस्यों संजीव वर्मा, अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, विशाल सूद, रिपुदमन आदि ने बताया कि उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और रविवार से ठोडो मैदान में हिमाचली संस्कृति, संगीत, कारोबार और मनोरंजन का आठ दिवसीय रंगारंग उत्सव शुरू होगा।

Leave a Reply