स्वास्थ्य लाभ के बाद घर लौटे हर्ष महाजन, अनुराग ठाकुर के आत्मीय स्नेह और शुभकामनाओं पर जताया आभार
शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के पंथाघाटी स्थित आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हर्ष महाजन के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व एक धरना-प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और चक्कर आने के कारण उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की देखरेख में उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वर्तमान में वे अपने निवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि हर्ष महाजन का स्वास्थ्य अब तेजी से बेहतर हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन लंबे समय से संगठन और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं तथा ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता और संगठन की सेवा में पुनः सक्रिय हों।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने अनुराग ठाकुर के अपने आवास पर पहुंचकर कुशलक्षेम जानने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आत्मीय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और प्रदेशभर के लोगों द्वारा मिली प्रार्थनाओं, शुभकामनाओं और स्नेह ने उन्हें मानसिक शक्ति प्रदान की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय होंगे।
इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रदेश एवं राष्ट्रीय विषयों पर भी चर्चा की तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
