“क्लीन हिल्स, ग्रीन हिल्स” अभियान के तहत स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया

स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी स्थायी जिम्मेदारी है : कर्ण नंदा

शिमला, 23 जून। नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल (राष्ट्रीय मानव कल्याण परिषद) द्वारा रोटरी क्लब शिमला में “क्लीन हिल्स, ग्रीन हिल्स” पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और हरे-भरे पहाड़ों के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। इन पहाड़ों को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवनशैली और संस्कारों का हिस्सा होनी चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले, सड़क, पार्क और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए तो समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।

कर्ण नंदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जागृत की है। आज देशभर में करोड़ों लोग स्वच्छता को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हम अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, प्लास्टिक का कम उपयोग करेंगे और अधिक से अधिक पौधारोपण करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्यों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। हमें अपने जंगलों, जल स्रोतों और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दें तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

You missed