भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि, अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने पर बड़ी कार्रवाई
शिमला, 11 मई 2026।
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने नगर निगम पालमपुर चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के मामले में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति ने संगठनात्मक जिला पालमपुर एवं पालमपुर शहरी मंडल से प्राप्त शिकायतों पर गंभीर विचार-विमर्श किया और मामले को अनुशासनहीनता का गंभीर विषय माना।
अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई करते हुए नगर निगम पालमपुर के वार्ड नंबर-5 सुधर से श्री संजीव राणा की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन, विचारधारा और अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ना संगठनात्मक मर्यादाओं और पार्टी अनुशासन का सीधा उल्लंघन है तथा भाजपा ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है।
भाजपा नेतृत्व ने कहा कि पार्टी एक अनुशासित और विचार आधारित संगठन है, जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन हित और सामूहिक निर्णयों को महत्व दिया जाता है। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक निर्णयों का सम्मान करें तथा नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
भाजपा ने विश्वास जताया कि पालमपुर की जनता विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा नगर निगम चुनावों में भाजपा को भारी जनसमर्थन प्राप्त होगा।
**हिमाचल की बदहाल स्थिति संभालें पंचायती राज मंत्री, प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करना करें बंद : राकेश जमवाल*
*
शिमला : भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण, असंवेदनशील और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि जिस मंत्री को हिमाचल प्रदेश की पंचायतों, ग्रामीण विकास और गांवों की समस्याओं पर काम करना चाहिए, वह केवल टीवी चैनलों और मीडिया में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बयानबाजी करने में व्यस्त हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और उसके मंत्री आज अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, पंचायत स्तर पर योजनाएं अटकी हुई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि प्रदेश की अनेक पंचायतों में विकास कार्यों के भुगतान लंबित पड़े हैं। केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई योजनाओं का सही क्रियान्वयन तक नहीं हो पा रहा। ग्रामीण सड़कें, पेयजल योजनाएं और पंचायत भवनों के निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, लेकिन मंत्री जी को इन समस्याओं की चिंता नहीं है।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को अभूतपूर्व सहयोग दिया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से हजारों गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिली। विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में सड़क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र ने रिकॉर्ड बजट दिया।
उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के गांवों में जो सड़कें, पुल और ग्रामीण संपर्क मार्ग दिखाई देते हैं, उनमें सबसे बड़ा योगदान मोदी सरकार का है। कांग्रेस सरकार केवल उद्घाटन और फोटो खिंचवाने तक सीमित है। प्रदेश सरकार की नाकामी यह है कि केंद्र से पैसा आने के बावजूद योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक नहीं पहुंच पा रहा।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा गरीब, किसान, महिला और ग्रामीण वर्ग को प्राथमिकता दी है। जल जीवन मिशन जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना प्रधान मंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर मिले हैं और आयुष्मान भारत योजना आयुष्मान भारत ने लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करने से पहले यह बताना चाहिए कि प्रदेश सरकार ने अपने दम पर कौन-सी बड़ी योजना शुरू की है। आज प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, कर्मचारी परेशान हैं, विकास कार्य बंद हैं और सरकार केवल राजनीतिक बयानबाजी में लगी हुई है।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को विकसित भारत बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस नेताओं की राजनीति केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है। प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।
