देश में 81% से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल जल कनेक्शन—कांग्रेस के वर्षों की अनदेखी को केंद्र ने किया समाप्त

शिमला:

भाजपा के लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश में हुए ऐतिहासिक कार्यों को लेकर केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का संकल्प तेजी से पूरा हो रहा है।

सांसद कश्यप ने लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर का हवाला देते हुए बताया कि जल जीवन मिशन (JJM) की शुरुआत अगस्त 2019 में हुई थी, उस समय देश में केवल 3.23 करोड़ (16.7%) ग्रामीण परिवारों के पास ही नल जल कनेक्शन उपलब्ध था। लेकिन मार्च 2026 तक यह संख्या बढ़कर 15.82 करोड़ (81.71%) परिवारों तक पहुंच चुकी है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी इस योजना के तहत उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में लगभग 17.08 लाख ग्रामीण परिवारों को उनके घरों तक नल जल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत न केवल कनेक्शन दिए जा रहे हैं, बल्कि नियमित जल आपूर्ति, गुणवत्ता नियंत्रण और दीर्घकालिक स्थायित्व पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार राज्यों को निरंतर तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं—जैसे ऊंचाई, बिखरी आबादी, जल स्रोतों की दूरी और मौसम की बाधाएं—इसके बावजूद केंद्र सरकार ने विशेष योजनाओं और अतिरिक्त सहायता के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान किया है।

कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकारें ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रहीं। उन्होंने कहा कि आज जो काम हो रहा है, वह पहले भी हो सकता था, लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण जनता को इंतजार करना पड़ा।

अंत में सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर लागू कर आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश के शत-प्रतिशत घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा और “हर घर जल” का सपना पूर्ण रूप से साकार होगा।

Leave a Reply