भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदनाएं, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रकाश लोहुमी की धर्मपत्नी श्रीमती मंजू लोहुमी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 77 वर्षीय श्रीमती मंजू लोहुमी का आज सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं तथा आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन थीं। उनके निधन से पत्रकार जगत एवं समाज में शोक की लहर व्याप्त है। उनके पुत्र भानु लोहुमी, वरिष्ठ संवाददाता (पीटीआई), परिजनों के साथ इस दुःख की घड़ी में उपस्थित हैं।
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने आत्मीय संदेश में कहा कि यह प्रकाश जी एवं उनके परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण है और श्रीमती मंजू लोहुमी जी का जाना एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “मैं इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ पूरी आत्मीयता से खड़ा हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
इस दुःखद अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, सांसद कंगना रनौत, सांसद इंदु गोस्वामी, सांसद हर्ष महाजन, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, भाजपा मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा, मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल एवं मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
भाजपा नेताओं ने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा प्रकाश लोहुमी जी एवं उनके परिवार को इस दुःख को सहने का संबल दें।
