केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को और अधिक गहरा करने का अवसर है।

उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े सभी कार्मिकों एवं संस्थाओं की प्रशंसा की, जो भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि मतदाता होना केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि एक अत्यंत महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है, जो हर नागरिक को भारत के भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर देता है।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं और लोकतंत्र की भावना का सम्मान करें, जिससे विकसित भारत की आधारशिला और सशक्त हो।

केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बने युवाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि मतदाता बनना उत्सव का अवसर है और नए मतदाताओं की सहभागिता लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान करती है।

Leave a Reply