सोलन। हिमाचल उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह युवाओं और आधुनिक कला की झलक से सराबोर रही। इस संध्या का मुख्य आकर्षण रहे हिमाचल प्रदेश के चुनिंदा 36 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, जिन्होंने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम को एक नया रंग दिया। अपने हुनर और क्रिएटिविटी से मनोरंजन जगत की तस्वीर बदलने वाले इनफ्लुएंसर्स के जमावड़े ने उत्सव को खास बना दिया।

संध्या के दौरान हिमाचल डांस चैंपियनशिप में चुने हुए करीब दो दर्जन डांस पेश किए गए। इन प्रस्तुतियों का निर्देशन मशहूर डांस कोरियोग्राफर नवीन पॉल जॉनी ने किया, जबकि मंच संचालन लोकप्रिय एंकर्स मनोज ठाकुर और अमित पुंडीर ने किया। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।

सांस्कृतिक संध्या में रामपुर के जाने-माने गायक राजीव शर्मा की नाटियों पर युवा देर तक थिरकते रहे। उनकी लोकप्रिय नाटियों और गीतों ने माहौल को रोमांचक बना दिया। इससे पहले जालंधर दूरदर्शन की कलाकार डोनी राणा ने पंजाबी गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा ज्योति बिष्ट, कुल्लू के गायक दीपक जनदेवा, सोलन की गायिका सुमन सोनी और ज्योति शर्मा के सुरीले गीतों ने भी दर्शकों को बांधे रखा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर एपीएमसी अध्यक्ष रोशन ठाकुर, मुख्यमंत्री के सहायक मनीष पंडित और मुनिश पंडित, साथ ही एचआरटीसी के डायरेक्टर अजय वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डायनामिक युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ‘मिकी’, और संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल ने अन्य सदस्यों अंकुश सूद, रिपुदमन सिंह, मनोज ठाकुर और संजीव वर्मा के साथ सभी मेहमानों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।