शिमला, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा न केवल विकास और संविधान विरोधी है, बल्कि वह महिलाओं के प्रति भी संकीर्ण और दुर्भावनापूर्ण सोच रखती है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं को शराब से जोड़ने वाला बयान उनकी इसी मानसिकता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के प्रति अपनी निकृष्ट और निंदनीय सोच के लिए देश की महिलाओं से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगे।
अजय राणा ने याद दिलाया कि कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, शांति धारीवाल और अन्य कई नेता भी पूर्व में महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणियां कर चुके हैं। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, ‘लाड़ली लक्ष्मी’ जैसी योजनाएं और केंद्र में महिला आरक्षण विधेयक लागू कर उनके सम्मान तथा सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कांग्रेस से देश की महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।