शिमला 14 अगस्त, 2025
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेश व देशवासियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में पठानिया ने कहा कि हम जहां आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं वहीं हमारा देश अब दुनिया में शिखर की ओर अग्रसर है। पठानिया ने कहा कि आज हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना चाहिए जिनकी कुर्बानियों की वजह से आज हम खुले में सांस ले रहे हैं तथा अपने अधिकारों की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 1857 में मंगल पांडे ने आजादी की लड़ाई का बिगुल बजाया था जिसे हमारे लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने 15 अगस्त, 1947 को अन्जाम तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों पर गर्व होना चाहिए जिन्हांेने इस देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त करवाने के लिए हंसते-हंसते अपनी जान दे दी थी। उन्होेंने प्रदेश तथा देश के तमाम युवाओं का आहवान किया है कि हमें अपने राष्ट्र के प्रति सचेत तथा कर्तव्यनिष्ठ रहना चाहिए तथा राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को राजगुरू, सुखदेव तथा भगत सिंह की शहादत को सलाम करना चाहिए तथा पंडित जवाहर लाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, बाल गंगाधर तिलक तथा राष्ट्रपिता महात्मा मोहन दास कर्मचन्द गांधी की कुर्बानियों को स्मरण करना चाहिए।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह पठानिया ने सभी प्रदेश तथा देशवासियों के सुखद तथा समृद्ध जीवन की कामना करते हुए सभी को राष्ट्र हित में कार्य करने के लिए प्रेरित होने का आग्रह किया है।