शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मालदीव दौरे को लेकर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने जम्मू कश्मीर में कहा है कि हिमाचल में फील गुड फैक्टर नहीं है। यही वजह है कि प्रदेश की चिंता छोड़ सीएम सुक्खू मालदीव में सुकून ढूंढ रहे हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी करण नंदा ने शिमला में कहा कि दुनिया के लोग महाकुंभ आ रहे हैं और सीएम सुक्खू बिना किसी को बताए अपने दोस्तों के साथ मालदीव के सैर-सपाटे पर मस्त हैं। प्रदेश में विकास ठप, जनता त्रस्त और सीएम सुक्खू मस्त हैं। कर्ज एक लाख करोड़ पार हो गया है और सीएम सुक्खू हेलिकाप्टर को शादियों के लिए घुमा कर पैसे की बर्बादी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से अगर सत्ता चल नहीं रही तो वो छोड़ दें। भाजपा के पास सक्षम नेतृत्व है जो प्रदेश के विकास करेंगे।